शिमला, 12 सितंबर हिमाचल प्रदेश के मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने कार्यकाल के दौरान संजौली मस्जिद के एक हिस्से के निर्माण के लिए दो लाख रुपये दिए थे और भाजपा अब राज्य में शांति भंग करने की कोशिश कर रही है।
ठाकुर ने इसे निराधार बताते हुए कहा कि कांग्रेस के मंत्री अपनी विफलता छिपाने के लिए ‘‘झूठ’’ बोल रहे हैं और कांग्रेस आलाकमान के दबाव में अपना बयान बदल रहे हैं।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ यहां मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध ने कहा कि मस्जिद का एक हिस्सा कोविड के समय में बनाया गया था, तब भाजपा सत्ता में थी और यहां तक कि शिमला नगर निगम के महापौर भी इसी पार्टी से थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार को मस्जिद गिराए जाने की मांग को लेकर आयोजित विरोध-प्रदर्शन में भाजपा के कुछ लोग और असामाजिक तत्व मौजूद थे। मंत्री ने कहा कि पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा, ‘‘यह किसी धर्म का मामला नहीं है, यह अनधिकृत निर्माण का मामला है। कानून अपना काम करेगा लेकिन कुछ लोग इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने और लोगों में भय पैदा करके शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’
अनिरुद्ध सिंह के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने मुख्यमंत्री को उन्हें (अनिरुद्ध) मंत्रिमंडल से हटाने का निर्देश दिया है और अब मंत्री ‘‘नुकसान की भरपायी’’ करने का प्रयास कर रहे हैं।
ठाकुर ने कहा कि संजौली में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के बाद लोग गुस्से में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY