विदेश की खबरें | जापान के प्रधानमंत्री ने एक महीने के भीतर तीसरे मंत्री को बर्खास्त किया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

तोक्यो, 20 नवंबर (एपी) जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने वित्त संबंधी अनियमितताओं के चलते गृह मंत्री को रविवार को बर्खास्त कर दिया।

इस घटनाक्रम को घोटाले के आरोपों का सामना कर रहे उनके मंत्रिमंडल के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पहले फुमियो किशिदा एक माह के भीतर ही दो मंत्रियों को बर्खास्त कर चुके हैं।

जापान के गृह मंत्री मिनोरू टेराडा कई लेखांकन और वित्त संबंधी अनियमितताओं को लेकर आलोचना का शिकार रहे हैं।

जापानी प्रधानमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ लगातार मंत्रियों के इस्तीफे के लिए मैं क्षमा मांगता हूं। मैं उनकी नियुक्ति को लेकर अपनी जिम्मेदारियों से पूरी तरह से अवगत हूं।’’

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वह सोमवार को टेराडा के स्थान पर नए मंत्री के नाम की घोषणा करेंगे।

टेराडा ने प्रधानमंत्री कार्यालय के बाहर संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अपना इस्तीफा किशिदा को सौंप दिया है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं कहा कि उन्हें ऐसा करने के लिए कहा गया था।

टेराडा ने कहा, ‘‘ मैंने अपना मन बना लिया है क्योंकि मुझे अपनी समस्याओं के कारण प्रमुख विधानों की संसदीय चर्चा में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)