विदेश की खबरें | जापान के विदेश मंत्री ने ईरान के राष्ट्रपति से भेंट की, क्षेत्र में तनाव कम करने पर हुई बातचीत

ईरान समाचार एजेंसियों ने राष्ट्रपति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना के हवाले से बताया कि जापान के विदेश मंत्री तोशीमिशु मोटेगी ने राष्ट्रपति इब्राहिम रइसी के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की।

रइसी के राष्ट्रपति बनने और 2019 में जापान के प्रधानमंत्री की ईरान यात्रा के बाद किसी जापानी मंत्री की यह पहली ईरान यात्रा है। आईएसएनए के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जरीफ के आधिकारिक न्योते पर मोटेगी ईरान आए हुए हैं।

खबर के अनुसार, मोटेगी अपनी दो दिन की यात्रा में रइसी द्वारा मनोनित विदेश मंत्री सहित ईरान के अन्य अधिकारियों से मिलेंगे।

रविवार को हुई बातचीत में रइसी ने अफगानिस्तान और क्षेत्र में शांति तथा स्थिरता बनाए रखने में जापान तथा अन्य देशों के प्रयासों का स्वागत किया।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ईरान हमेशा अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता के पक्ष में रहा है। हां, हमारा मानना है कि अफगानों को अफगानिस्तान में अपना फैसला लेने का हक होना चाहिए।’’

रइसी ने कहा कि वह क्षेत्र में असुरक्षा की स्थिति पैदा होने के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अफगानिस्तान सहित क्षेत्र में अमेरिकियों की मौजूदगी ने सुरक्षा नहीं दी है।’’

मोटेगी ने कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए क्षेत्रीय देशों द्वारा किए जा रहे कूटनीतिक प्रयासों का जापान भी समर्थन करता है। उन्होंने कहा, जापान का मानना है कि समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)