देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भूस्खलन के बाद मकान पर बड़ा पत्थर गिरने से किशोर की मौत

जम्मू, 27 अप्रैल जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बृहस्पतिवार तड़के भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के दौरान एक बड़े पत्थर के एक मकान पर गिर जाने से उसमें रहने वाले 19 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मकान के मलबे में दो लोग दब गए थे। हादसे में अरशद (19) की मौत हो गई और राशिद (17) को बचा लिया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, मकान में रहने वाले बाकी लोग सुरक्षित हैं। घटना ठकुरिया इलाके में तड़के साढ़े तीन से चार बजे के बीच हुई।

लोयधर के सरपंच मोहम्मद रफी शाह ने बताया कि गांव, पहाड़ी की तलहटी में स्थित है और भूस्खलन के दौरान पत्थर के लुढ़कने का खतरा हमेशा बना रहता है।

उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले एक बड़ी घटना हुई थी और अब एक बार फिर ऐसा हुआ है।

शाह ने सरकार से लोगों की सुरक्षा के लिए कुछ उपाय करने की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)