देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर : किश्तवाड़ मुठभेड़ में शहीद हुए नायब सूबेदार राकेश कुमार को सेना ने श्रद्धांजलि दी

जम्मू, 11 नवंबर सेना ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए नायब सूबेदार राकेश कुमार को सोमवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सेना की 2 पैरा के नायब सूबेदार राकेश कुमार रविवार को आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हो गए थे जबकि तीन अन्य जवान घायल हुए हैं।

मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब सेना और पुलिस की संयुक्त तलाशी दल ने केशवान वन क्षेत्र में रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे आतंकवादियों की घेराबंदी की। दोनों ओर से करीब चार घंटे से अधिक समय तक गोलीबारी हुई।

नायब सूबेदार के पार्थिव शरीर को किश्तवाड़ से जम्मू स्थित वायुसेना के केंद्र पर लाया गया जहां पर व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा ने श्रद्धांजलि समारोह का नेतृत्व किया।

शहीद अधिकारी के सम्मान में सेना का बिगुल वादन हुआ और एक सैन्य टुकड़ी ने उन्हें सलामी दी।

व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट जारी कर बताया, ‘‘ पुष्पांजलि समारोह के दौरान व्हाइट नाइट कोर के जीओसी ने किश्तवाड़ में आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर नायब सूबेदार राकेश कुमार को जम्मू में श्रद्धांजलि दी और पुष्पचक्र अर्पित किया।’’

नायब सूबेदार कुमार का पार्थिव शरीर हेलीकॉप्टर से हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित उनके पैतृक गांव ले जाया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)