देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर : सांबा में गोलीबारी की घटना को लेकर वांछित पंजाब निवासी गिरफ्तार

जम्मू, 23 जुलाई गोलीबारी की एक घटना के सिलसिले में वांछित एक कथित अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर को पंजाब में गिरफ्तार किया गया और पूछताछ के लिए उसे जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब के अमृतसर का रहने वाला नीरज जसवाल उर्फ ​​"रोमी" 11 और 12 जून की दरमियानी रात सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित रंगूर इलाके में हुई गोलीबारी के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया चौथा आरोपी है।

उन्होंने बताया कि घटना के वक्त जसवाल अपने साथियों का नेतृत्व कर रहा था और वह अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से भाग गया।

अधिकारी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुरोध पर पंजाब पुलिस ने आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि सांबा से एक पुलिस टीम को पंजाब भेजा गया और पूछताछ के लिए जसवाल को हिरासत में ले लिया गया है।

इससे पहले, पंजाब के तीन कथित हेरोइन तस्करों को सांबा के रामगढ़ सेक्टर के रेडियन इलाके से गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 14 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन, 93,200 रुपये नकद और कुछ गोला-बारूद के साथ एक पिस्तौल बरामद की गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)