देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की

श्रीनगर, 19 जून जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने अगले महीने से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा के संबंध में किए जा रहे कार्यों को समय से पूरा करने के लिए संसाधनों और मानवश्रम को बढ़ाने का निर्देश सोमवार को दिया।

उप राज्यपाल ने दक्षिण कश्मीर में समुद्र तल से 3,888 ऊंचाई पर हिमालय में स्थित पवित्र गुफा मंदिर के दर्शन के लिए होने वाली यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के वास्ते सोमवार को उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान विभिन्न विभागों और एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

उप राज्यपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनदीप कुमार भंडारी, सेना की 15वीं कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई और अन्य नागरिक प्रशासन, एसएएसबी, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के वरिष्ठ अधिकारियों एवं दूर संचार सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यात्रा से जुड़े कार्यों को पूरा करने के लिए और संसाधन व मानव बल लगाएं ताकि एक जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा से पहले काम पूरे हो।

उन्होंने बीआरओ द्वारा यात्रा मार्ग को सुदृढ़ करने, खतरे वाले स्थानों पर रेलिंग लगाने, बर्फ हटाने, सेना द्वारा तंबू लगाने और दूरसंचार नेटवर्क को मजबूत करने के लिए प्रशंसा की।

उपराज्यपाल ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं से यात्रा मार्ग में नेटवर्क संपर्क मजबूत करने और बैंडविथ बढ़ाने को कहा।

उन्होंने सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यों की समीक्षा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)