श्रीनगर, 19 अक्टूबर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शोपियां जिले में एक गैर-स्थानीय श्रमिक की हत्या किए जाने की घटना की शनिवार को निंदा की।
उपराज्यपाल ने कहा कि सुरक्षाबल अपराधियों को पकड़ने और उन्हें न्याय के कठघरे में लाने के लिए दृढ़ संकल्प हैं।
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में शुक्रवार को एक प्रवासी मजदूर का शव मिला था।
अधिकारियों ने बताया कि बिहार के रहने वाले एक श्रमिक का शव दक्षिण कश्मीर जिले में जैनापुरा के वाची इलाके से बरामद किया गया। श्रमिक की पहचान अशोक चौहान के रूप में हुई, जो अनंतनाग के संगम इलाके में रहता था। चौहान के शरीर पर दो गोलियां लगने के निशान थे।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं शोपियां में कायर आतंकवादियों द्वारा श्रमिक अशोक चौहान की नृशंस हत्या की कड़ी निंदा करता हूं। पूरा देश उनके परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। हमारे सुरक्षा बल अपराधियों को पकड़ने और उन्हें न्याय के कठघरे में लाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।’’
सिन्हा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में चौहान के परिजनों और मित्रों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने जम्मू कश्मीर पुलिस और जिला प्रशासन को हरसंभव सहायता देने का निर्देश दिया है।’’
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और घाटी के राजनीतिक दलों ने भी हत्या की निंदा की है।
अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दक्षिण कश्मीर में आतंकवादियों के हाथों अशोक चौहान की हत्या के बारे में सुनकर बहुत दुःख हुआ। ये हमले घृणित हैं और इनकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। मैं मृतकों के परिवार और प्रियजन के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’’
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस समिति (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने श्रमिक की हत्या किए जाने की घटना की निंदा करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चौंकाने वाला बताया।
जेकेपीसीसी अध्यक्ष ने कहा, ‘‘दक्षिण कश्मीर में अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा अशोक चौहान की हत्या के बारे में जानकर मैं निराश और दुखी हूं। किसी भी तरह हत्याएं अत्यधिक निंदनीय और अस्वीकार्य हैं। शांति और आम लोगों की सुरक्षा के व्यापक हित में ऐसी घटनाओं को रोका जाना चाहिए।’’
कर्रा ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं तथा उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की ताकत मिलने के लिए प्रार्थना की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कश्मीर इकाई ने ‘‘आतंकवाद के इस जघन्य और कायराना कृत्य’’ की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अपनी आजीविका कमाने वाले एक निर्दोष व्यक्ति की हत्या घाटी में भय पैदा करने और शांति को बाधित करने की आतंकवादियों की हताशा को दर्शाती है।
भाजपा के कश्मीर मीडिया प्रभारी साजिद यूसुफ शाह ने इस क्रूर घटना पर गहरा दुख और गुस्सा जाहिर किया।
साजिद यूसुफ शाह ने कहा, ‘‘अशोक चौहान की निर्मम हत्या एक निंदनीय कायरतापूर्ण कृत्य है, जिसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में सद्भाव प्रभावित करना है। हम इस दुखद समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। ये आतंकवादी अपने नापाक इरादों में सफल नहीं होंगे।’’
उन्होंने कश्मीर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए भाजपा की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि इस तरह के कृत्य हमारी जमीन से आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने के हमारे संकल्प को और मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल यह सुनिश्चित करेंगे कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY