उधमपुर/जम्मू, 18 जून जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में रविवार को सेना की उत्तरी कमान के 52वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर 72 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने बताया कि सेना की उत्तरी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने पचौरी पार्क में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जो उत्तरी कमान के स्थापना दिवस के अवसर पर भारत के फ्लैग फाउंडेशन द्वारा उधमपुर के लोगों को समर्पित किया गया।
लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता ने सभा को संबोधित करते हुए इस परियोजना की योजना और निष्पादन में शामिल सभी लोगों के प्रयासों की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा, ‘‘पचौरी पार्क में स्थापित किया गया ध्वज राष्ट्रीय गौरव, एकता, आशा, प्रगति का प्रतीक है और उधमपुर के लोगों को यह लगातार शक्ति की याद दिलाता रहेगा।’’
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि स्थानीय लोगों ने इस अनूठी पहल के लिए भारतीय सेना की सराहना की, जो उधमपुर के इतिहास में अंकित रहेगी और यह स्थानीय लोगों की देशभक्ति की भावना को दर्शाती है।
उधमपुर आधारित सेना की उत्तरी कमान पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर देश के प्रयासों के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और बाहरी रूप से प्रायोजित छद्म युद्ध से उत्पन्न सुरक्षा चुनौतियों का मुकाबला करने में अग्रिम मोर्चे पर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY