देश की खबरें | समय पर पूरे हों जल जीवन मिशन के काम : गहलोत

जयपुर, छह जनवरी राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जल जीवन योजना से संबंधित विभाग एवं अधिकारी इस योजना से जुड़े कार्यों को और गति देकर निर्धारित लक्ष्य समय पर हासिल करें ताकि गांव-ढाणी तक लोगों को नल का जल उपलब्ध हो सके।

गहलोत बृहस्पतिवार को जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस मिशन के तहत प्रदेश में अब तक 52 हजार 647 करोड़ रूपए की स्वीकृतियां जारी होना अच्छा संकेत है। इसमें 8 हजार 20 एकल जल प्रदाय परियोजनाएं एवं 120 वृहद परियोजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि अधिकारी इन परियोजनाओं का कार्य निर्धारित समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमतौर पर देखा जाता है कि पेयजल से जुड़ी परियोजनाओं में विलम्ब के कारण संबंधित क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलने में देरी होती है। साथ ही, योजनाओं की लागत भी बढ़ जाती है। अधिकारी यह ध्यान रखें कि जल जीवन मिशन से जुड़ी परियोजनाओं में किसी तरह की देरी ना हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में प्रति मकान कनेक्शन पर 50 हजार रूपए से ज्यादा का खर्च आता है, जबकि उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में यह खर्च करीब 30 हजार रूपए के आसपास है। ऐसे में जरूरी है कि राजस्थान की स्थितियों के दृष्टिगत केंद्र सरकार इस योजना में अपनी हिस्सा राशि बढ़ाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)