देश की खबरें | जयराम ठाकुर ने राज्य पर कर्ज बढ़ने को लेकर सुक्खू पर निशाना साधा

शिमला, 31 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों, बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के अलावा कई कर्मचारियों के दो महीने तक वेतन न लेने की घोषणा के बीच शनिवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश इतना कर्ज में डूब जाएगा कि उसकी हालत अपने कर्मचारियों को वेतन देने की भी नहीं होगी।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य की ‘गंभीर वित्तीय स्थिति’ का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा था कि वह, उनके मंत्री, मुख्य संसदीय सचिव तथा बोर्ड और निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष दो महीने के लिए अपने वेतन और भत्ते नहीं लेंगे।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वेतन न लेना कोई एक बार होने वाली घटना नहीं है।

ठाकुर ने यहां ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘जल्द ही कर्मचारियों के वेतन में बार-बार देरी की जाएगी और आखिरकार सरकार कहेगी कि उसके पास वेतन देने के लिए पैसा नहीं है।’’

ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले 20 महीने में 24,000 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण लिया है और अगर ऐसे ही जारी रहा तो उस पर वित्त वर्ष के अंत तक एक लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो जाएगा।

सुक्खू अक्सर पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर अपने कार्यकाल में 19,600 करोड़ रुपये का कर्ज लादकर राज्य को खराब वित्तीय स्थिति में धकेलने का आरोप लगाते रहे हैं।

बहरहाल, ठाकुर ने दावा किया कि उनकी सरकार ने पांच साल में जो कर्ज लिया था, उसे कहीं अधिक कर्ज कांग्रेस सरकार ने कुछ ही महीनों में लिया है।

सुक्खू ने शुक्रवार को विधानसभा में सूचित किया था कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने पिछले 20 महीनों में 21,366 करोड़ रुपये का ऋण जुटाया है और 5,864 करोड़ रुपये चुकाए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)