खेल की खबरें | लगातार चौथी बार यूरोपीय चैम्पियनशिप में भिड़ेंगे इटली और स्पेन

यूरोपीय चैम्पियनशिप में लगातार चौथी बार दोनों का सामना होगा और इस बार दाव पर फाइनल में स्थान है । मैच मंगलवार को लंदन के वेम्बले स्टेडियम पर खेला जायेगा ।

इटली ने शीर्ष रैंकिंग वाली बेल्जियम को म्युनिख में 2 . 1 से हराया जबकि स्पेन ने सेंट पीटर्सबर्ग में स्विटरजलैंड को पेनल्टी शूटआउट में मात दी । इतालवी टीम पिछले 32 मैचों से अपराजेय है जबकि स्पेन ने 12 मैचों में हार का सामना नहीं किया है ।

स्पेन ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 12 गोल दागे हैं जबकि इटली ने 11 गोल किये हैं ।

दोनों के बीच पिछला मुकाबला 2018 विश्व कप क्वालीफाइंग दौर में हुआ था । इटली एक मैच में हार और स्पेन के खिलाफ ड्रॉ के बाद इतिहास में दूसरी बार विश्व कप के लिये क्वालीफाई नहीं कर सकी थी ।

दोनों में से कोई टीम आखिरी बार 2012 में फाइनल में पहुंची थी जब स्पेन ने इटली को 4 . 0 से हराकर यूरो खिताब जीता था ।

उस मैच में खेलने वाले खिलाड़ियों में स्पेन की टीम में मिडफील्डर सर्जियो बस्केट्स हैं जबकि इटली की टीम में डिफेंडर लियोनार्डो बोनुची और जियोर्जियो चियेलिनी हैं ।

इटली ने स्पेन को यूरो 2016 के अंतिम 16 के मैच में हराकर लगातार तीसरी बार खिताब जीतने से रोक दिया था । स्पेन ने इटली को यूरो 2008 क्वार्टर फाइनल में हराया था ।

स्पेन के कोच लुई एनरिक 1994 विश्व कप में देश के लिये खेले थे जब क्वार्टर फाइनल में इतालवी डिफेंडर माउरो तासोत्ती ने उनकी नाक तोड़ दी थी । इटली उस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा लेकिन ब्राजील से हार गया था ।

इतालवी कोच राबर्टो मंचिनी 1994 विश्व कप नहीं खेले थे । वह 2018 में कोच के रूप में ही राष्ट्रीय टीम के साथ लौटे ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)