ताजा खबरें | सितंबर 2020 से चीन मुद्दे पर लोकसभा में कोई बहस नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण: मनीष तिवारी

नयी दिल्ली, 18 सितंबर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण चीन के मुद्दे पर सदन में पिछले तीन वर्षों से कोई चर्चा नहीं हुई।

तिवारी ने संविधान में बदलाव के किसी भी प्रयास की निंदा करते हुए कहा कि यह देश के लिए विनाशकारी होगा।

उन्होंने लोकसभा में ‘संविधान सभा से शुरू हुई 75 वर्षों की संसदीय यात्रा - उपलब्धियां, अनुभव, यादें और सीख’ विषय पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल को सबसे कठिन मुद्दे को भी सदन में लाने से परहेज नहीं करना चाहिए।

तिवारी ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सितंबर 2020 से हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा पर चीन के प्रभाव पर कोई बहस नहीं हुई है।’’

हाल के दिनों में सदन की कार्यवाही बाधित होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने ऐसा कानून पारित करने की आवश्यकता जताई जिससे संसद में हर वर्ष कम से कम 120 से 130 दिन कामकाज हो।

तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और कांग्रेस का इतिहास समानांतर चला। उन्होंने देश में समानता की भावना पैदा करने और पंथ-निरपेक्षता का भाव जागृत करने के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों द्वारा संविधान में किये गये बदलावों का भी उल्लेख किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)