विदेश की खबरें | इजराइली सैनिकों ने वेस्ट बैंक में फलस्तीनी शिक्षक और उग्रवादी को गोली मारी, मौत
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

रामल्लाह (वेस्ट बैंक), 19 जनवरी (एपी) इजराइली सैनिकों ने अपने कब्जे वाले इलाके वेस्ट बैंक में बृहस्पतिवार को तड़के एक सैन्य अभियान के दौरान एक फलस्तीनी शिक्षक और एक उग्रवादी को गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। फलस्तीनी अधिकारियों और मीडिया ने यह जानकारी दी।

फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक हमले में मारे गए लोगों की पहचान जावेद बावत्का (57) और अदहम जबरीन (28) के रूप में की गयी है। उन्हें उत्तरी वेस्ट बैंक में जेनिन शरणार्थी शिविर में गोली मार दी गई।

फलस्तीन की आधिकारिक समाचार एजेंसी वफ़ा के अनुसार जावेद बावत्का माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक थे और उनके छह बच्चे हैं।

सशस्त्र समूह 'अल-अक्सा शहीदों की ब्रिगेड' ने दावा किया कि अदहम जबरीन एक लड़ाका था।

समाचार एजेंसी वफ़ा के अनुसार, जावेद बावत्का की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई जब वह अपने घर के बाहर गोली लगने से घायल जबरीन को चिकित्सा सहायता देने की कोशिश कर रहा था।

इस घटना को लेकर इजराइली सेना ने अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है।

फलस्तीनी मीडिया ने यह भी बताया कि इजराइली सेना ने जेनिन में उग्रवादी समूह इस्लामिक जिहाद के एक स्थानीय सदस्य को गिरफ्तार कर लिया।

वेस्ट बैंक इलाके में तनाव काफी बढ़ गया है, जहां इजराइली सेना पिछले वसंत के बाद से लगातार गिरफ्तारियां कर रही है। पिछले वर्ष फलस्तीनी हमले में 19 इजराइली नागरिक मारे गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)