नयी दिल्ली, 30 जनवरी इजराइली दूतावास के निकट शुक्रवार की शाम हुए कम तीव्रता के धमाके के सिलसिले में जांचकर्ता मोबाइल कॉल के हटाए जा चुके डाटा (डंप डाटा), इंटरनेट कॉल, निकटवर्ती होटलों के सीसीटीवी फुटेज और कैब सेवा का इस्तेमाल करने वालों की व्यापक जांच कर रहे हैं। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
इस बीच भारत में इजराइल के राजदूत रॉन मलका ने कहा कि उनके पास यह मानने के लिए पर्याप्त कारण हैं कि यह एक आतंकवादी हमला था लेकिन वे इस हमले को लेकर हैरान नहीं हैं क्योंकि खुफिया जानकारी के बाद पिछले कुछ सप्ताह से सतर्कता काफी बढ़ाई जा चुकी थी।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने कुछ व्यक्तियों से पूछताछ की, जिनमें कुछ ईरानी नागरिक और एक कैब चालक शामिल थे, जिन्होंने विस्फोट से ठीक पहले विस्फोट स्थल के पास दो व्यक्तियों को छोड़ा था।
एक आधिकारिक सूत्र ने बताया, “हमें कुछ सीसीटीवी फुटेज बरामद हुई है लेकिन अब तक कुछ ठोस नहीं मिला है क्योंकि दूतावास के पास स्थित इलाके में अधिकतर सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे।”
हाल ही में दिल्ली आए विदेशियों के विवरण की जांच की जा रही है।
एनएसजी के राष्ट्रीय बम डाटा केन्द्र (एनबीडीसी) और दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने शनिवार को विस्फोट के बाद विश्लेषण के लिए घटनास्थल का दौरा किया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच करने वाली पुलिस टीम के साथ एनबीडीसी के निष्कर्षों को साझा किया जाएगा।
सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि विस्फोट स्थल पर जांचकर्ताओं को इजराइली दूतावास का पता लिखा एक लिफाफा मिला है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ इसकी जांच कर रहा है।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘जांच एजेंसियां इस क्षेत्र के आईपीडीआर की जांच कर रही हैं कि क्या संदिग्ध व्यक्तियों ने कॉल के बजाय संचार के लिए इंटरनेट का इस्तेमाल किया है। वे आसपास के होटलों के सीसीटीवी फुटेज भी देख रहे हैं।’’
राजदूत मलका ने ‘पीटीआई-’ को दिये एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर जांच की जा रही है, जिसमें हमारे राजनयिकों पर यहां 2012 में हुए हमले से तथा दुनियाभर में हो रहे घटनाक्रम से कोई संबंध होने की संभावना भी शामिल हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY