देश की खबरें | क्या मेरी पार्टी के उम्मीदवार वायकर जीत गए हैं, इसलिए ईवीएम पर संदेह है? : मुख्यमंत्री शिंदे

मुंबई, 16 जून महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को हैरानी जताई कि क्या मुंबई उत्तर पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र के संबंध में ईवीएम की विश्वसनीयता पर संदेह केवल इसलिए उठाया जा रहा है, क्योंकि विजेता उनकी पार्टी शिवसेना का है।

शिवसेना (यूबीटी) के अमोल कीर्तिकर को मात्र 48 मतों से हराने वाले शिवसेना के रवीन्द्र वायकर के एक रिश्तेदार द्वारा 4 जून को मतगणना के दौरान ईवीएम से जुड़े मोबाइल फोन का उपयोग करने की खबर से संबंधित प्रश्न के जवाब में शिंदे ने यह बात कही।

शिंदे ने पूछा, “केवल मुंबई उत्तर पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र के परिणाम पर ही सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं, राज्य के किसी अन्य परिणाम पर क्यों नहीं? क्या इसका कारण यह है कि मेरे उम्मीदवार वायकर जीत गये और उनका उम्मीदवार हार गया?”

नियमों के अनुसार, मतगणना केंद्रों पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल प्रतिबंधित है।

शिंदे ने कहा कि जनादेश वायकर के पक्ष में है।

मुख्यमंत्री ने अपनी पार्टी के प्रदर्शन की तुलना प्रतिद्वंद्वी शिवसेना (यूबीटी) से करने की भी कोशिश की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने 15 सीटों पर चुनाव लड़ा और सात सीटें जीतीं, जिसका “स्ट्राइक रेट 48 प्रतिशत रहा”। उन्होंने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) ने 21 सीटों पर चुनाव लड़कर नौ सीटें जीतीं और उसका “स्ट्राइक रेट 42 प्रतिशत रहा”।

शिंदे ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने मुंबई में विपक्षी गुट महा विकास आघाडी (एमवीए) के उम्मीदवारों की तुलना में दो लाख अधिक वोट हासिल किए, जिसका हिस्सा शिवसेना (यूबीटी) भी है।

इस बीच, मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा क्षेत्र की निर्वाचन अधिकारी वंदना सूर्यवंशी ने रिपोर्ट का खंडन करते हुए कहा कि ईवीएम एक स्वतंत्र प्रणाली है, जिसमें किसी भी तरह की हेराफेरी से बचाने के लिए “मजबूत प्रशासनिक सुरक्षा उपाय” हैं और इसे अनलॉक करने के लिए ‘वन टाइम पासवर्ड’ (ओटीपी) की कोई आवश्यकता नहीं है।

सू्यवंशी ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, “यह प्रोग्राम करने योग्य नहीं है और इसमें बेतार संचार क्षमता नहीं है। यह एक अखबार द्वारा फैलाया जा रहा एक झूठ है। हमने मिड-डे अखबार को भारतीय दंड संहिता की धारा 499, 505 के तहत मानहानि और झूठी खबर फैलाने के लिए एक नोटिस जारी किया है।”

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि वायकर के रिश्तेदार मंगेश पांडिलकर पर 4 जून को आम चुनाव के परिणाम घोषित होने के दिन मतगणना केंद्र पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने के आरोप में बुधवार को एक मामला दर्ज किया गया।

संवाददाता सम्मेलन में सूर्यवंशी ने कहा कि जोगेश्वरी विधानसभा क्षेत्र के डेटा एंट्री ऑपरेटर दिनेश गुरव का निजी मोबाइल फोन एक अनधिकृत व्यक्ति के पास पाया गया और इस संबंध में कार्रवाई की जा रही है

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)