देश की खबरें | क्या अब पेड़ों से भी झूठ बोलने लगी है भाजपा : अखिलेश

लखनऊ, छह जुलाई समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा रविवार को राज्य भर में 25 करोड़ पौधे लगाने के दावे को गलत बताते हुए कहा कि क्या भाजपा के लोग जनता के साथ-साथ अब पेड़ों से भी झूठ बोलने लगे हैं।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने यहां एक बयान में कहा कि राज्य सरकार के दावे के अनुसार वर्ष 2017 में 9 करोड़ और 2018 में 15 करोड़ पौधे लगाए गए थे। वर्ष 2019 में अचानक 22 करोड़ पेड़ लग गए और अब 2020 में 25 करोड़ पौधे लगाने का रिकॉर्ड बताया जा रहा है।

यह भी पढ़े | कानपुर एनकाउंटर मामले की कांग्रेस ने उच्चस्तरीय जांच करने की मांग की: 6 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार के कथित वृक्षारोपण का ये दिखावटी दावा पूछ रहा है कि भाजपा के लोग जनता से झूठ बोलते-बोलते क्या अब पेड़ों से भी झूठ बोलने लगे हैं?’’

अखिलेश ने सवाल उठाया कि प्रदेश की 23 करोड़ की आबादी और पौधे लगाए गए 25 करोड़, यह कितना व्यवहारिक और कितना सम्भव है?

यह भी पढ़े | गृह मंत्रालय ने दी इजाजत, विश्वविद्यालयों में अब हो पाएगी परीक्षाएं.

उन्होंने कहा कि भाजपा के चार साल के शासनकाल में कितने पेड़ लगाए गए और उनमें कितने जीवित बच पाये, इसका ब्यौरा कहाँ और कैसे मिलेगा?

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार को यह तो बताना ही चाहिए कि पेड़ लगाने के लिए जमीन का इतना रकबा कहां चिह्नित हुआ।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा की झूठ की फैक्ट्री में रोज झूठ के नए आविष्कार किए जाते हैं। भाजपा सच्चाई पर पर्दा नहीं डाल सकती है। कितना सच कितना झूठ जनता सब जानती है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)