इरफान खान के निधन से गमगीन बॉलीवुड ने कहा, ‘‘बहुत जल्दी कह दिया अलविदा...’’
इरफान ने ‘मकबूल’, ‘द नेमसेक’, ‘लाइफ ऑफ पाई’, ‘पान सिंह तोमर’ , ‘हासिल’ जैसी कई फिल्मों में विभिन्न तरह के किरदार निभा अपने अभिनय का जौहर दिखाया....मदहोश करने वाली मुस्कुराहट और जादुई प्रतिभा के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
मुम्बई, 29 अप्रैल राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाले इरफान खान के बुधवार को दुनिया को अलविदा कहने के बाद बॉलीवुड जगत गमगीन है और हर कोई यही कह रहा है कि ‘‘बहुत जल्दी अलविदा कह गए....’’।
इरफान ने ‘मकबूल’, ‘द नेमसेक’, ‘लाइफ ऑफ पाई’, ‘पान सिंह तोमर’ , ‘हासिल’ जैसी कई फिल्मों में विभिन्न तरह के किरदार निभा अपने अभिनय का जौहर दिखाया....मदहोश करने वाली मुस्कुराहट और जादुई प्रतिभा के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
इरफान (54) ने मुम्बई के एक अस्पताल में पत्नी सुतापा, बेटे बाबिल और अयान की मौजूदगी में अंतिम सांस ली। अभिनेता 2018 से एक दुर्लभ किस्म के कैंसर न्यूरोएंड्रोक्राइन ट्यूमर से जंग लड़ रहे थे।
फिल्म ‘पीकू’ में उनके साथ काम करने वाले अमिताभ बच्चन और शूजित सरकार ने उनके निधन पर शोक जताते हुए इसे एक बेहद दुखद खबर बताया।
बिग बी ने लिखा, ‘‘ एक अविश्वसनीय प्रतिभा ... एक बेहतरीन सहयोगी ... सिनेमा की दुनिया में शानदार योगदान देने वाले.... बेहद जल्दी अलविदा कह गए.... उनके जाने से एक खालीपन आ गया है... प्रार्थना और दुआ।’’
इरफान के निधन की खबर सबसे पहले देने वालों में शामिल शूजित सरकार ने लिखा, ‘‘मेरे प्रिय मित्र इरफान। तुम लड़े, लड़े और लड़ते रहे। मुझे हमेशा तुम पर गर्व रहेगा.... हम दोबारा मिलेंगे...सुतापा और बाबिल को मेरी संवेदनाएं... तुमने भी लड़ाई लड़ी.... सुतापा तुमने इस लड़ाई में अपना सब कुछ दिया। ओम शांति। इरफान खान तुम्हें सलाम।’’
फिल्म ‘रोग’ में अभिनेता के साथ काम करने वाले निर्देशक महेश भट्ट ने उनकी बीमारी का पता चलने के बाद उनसे मुलाकात की थी।
उन्होंने लिखा, ‘‘ तुम्हारी वह मुस्कुराहट हमेशा याद रहेगी।’’
फिल्म ‘सात खून माफ’ में खान के साथ काम करने वाली प्रियंका चोपड़ा ने कहा, ‘‘ हर चीज को जो आप निखार देते थे वह एक जादू था। आपकी प्रतिभा ने कई लोगों को कई रास्ते दिखाए। आपने हम में से कई को प्रेरित किया। इरफान खान आपकी बहुत याद आएगी। परिवार को संवेदनाए।’’
अक्षय कुमार ने कहा कि वह इरफान खान के निधन की खबर सुन स्तब्ध हैं।
वहीं फिल्मकार करण जौहर ने कहा कि एक कलाकार के तौर पर इरफान ने भारतीय सिनेमा का स्तर बढ़ाया और उन्हें बहुत याद किया जाएगा।
अभिनेता अजय देवगन और उनकी पत्नी एवं अदाकारा काजोल ने भी खान के निधन पर शोक जताया और परिवार के प्रति संवेदनाएं जाहिर की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 03:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

