देश की खबरें | आईपीएस अधिकारी थाउसेन ने बीएसएफ की कमान संभाली

नयी दिल्ली, 31 दिसंबर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक सुजॉय लाल थाउसेन ने पंकज कुमार सिंह की सेवानिवृत्ति के बाद शनिवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का ‘‘अतिरिक्त’’ प्रभार संभाला।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि राजस्थान कैडर के 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी सिंह ने मध्य दिल्ली में लोधी रोड स्थित बीएसएफ मुख्यालय में मध्य प्रदेश कैडर के अपने बैचमेट को देश के सबसे बड़े सीमा-रक्षक बल की कमान सौंपी।

सिंह आईपीएस में लगभग साढ़े 34 साल बिताने के बाद सेवानिवृत्त हुए, जिसमें बीएसएफ प्रमुख के रूप में 16 महीने का कार्यकाल भी शामिल है। यह प्रभार उन्होंने पिछले साल 31 अगस्त को संभाला था।

राजस्थान पुलिस के अपने कैडर में सेवा देने के अलावा, सिंह ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और सीआरपीएफ में सेवाएं दी है।

मादक पदार्थों और हथियारों के साथ पाकिस्तान से भारत में घुसने वाले ड्रोन के फोरेंसिक अध्ययन के लिए एक प्रयोगशाला स्थापित करने के अलावा, उन्हें भारत-पाकिस्तान मोर्चे पर बीएसएफ सैनिकों के लिए सीमा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और बढ़ाने का श्रेय दिया जाता है।

पिछले साल सिंह की बीएसएफ में नियुक्ति ने एक इतिहास रचा था, जब पिता और पुत्र देश में एक अर्धसैनिक बल के शीर्ष पद पर आसीन रहे थे।

उनके पिता, सेवानिवृत्त 1959-बैच के आईपीएस अधिकारी प्रकाश सिंह, जून 1993 से जनवरी 1994 तक इसके महानिदेशक के रूप में बीएसएफ के प्रमुख रहे थे।

प्रकाश सिंह को देश में पुलिस सुधारों का सूत्रधार माना जाता है।

लगभग 2.65 लाख कर्मियों वाला बीएसएफ देश के आंतरिक सुरक्षा क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की भूमिका निभाने के अलावा, पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ भारतीय सीमा के 6,300 किलोमीटर से अधिक की रक्षा करता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)