जरुरी जानकारी | आईओसी का यूएई की कंपनी एडनॉक के साथ एलएनजी आपूर्ति करार

नयी दिल्ली, 19 जुलाई देश की प्रमुख पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की एडनॉक गैस कंपनी से तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) का आयात करने के लिए सात-नौ अरब डॉलर का एक समझौता किया है।

एडनॉक गैस ने बुधवार को बयान में कहा कि 14 साल की अवधि वाले इस समझौते के तहत आईओसी को सालाना 12 लाख टन एलएनजी का निर्यात किया जाएगा। इस समझौते के तहत आईओसी को गैस की आपूर्ति वर्ष 2026 से शुरू होगी।

पूरे समझौता काल में निर्यात की जाने वाली गैस का मूल्य सात अरब डॉलर से लेकर नौ अरब डॉलर तक रह सकता है।

इंडियन ऑयल ने पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फ्रांस यात्रा के दौरान भी फ्रांसीसी कंपनी टोटलएनर्जीज के साथ इसी तरह का एक समझौता किया था।

टोटलएनर्जीज गैस एंड पावर लिमिटेड के साथ सौदा वर्ष 2026 से अगले 10 वर्षों के लिए सालाना आठ लाख टन एलएनजी के आयात का हुआ है। टोटलएनर्जीज ने पहली बार किसी भारतीय कंपनी के साथ दीर्घकालिक करार किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)