इंदौर (मध्यप्रदेश),15 सितंबर केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने शुक्रवार को कहा कि मध्यप्रदेश में मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए सूबे की राजधानी भोपाल में एकीकृत ‘‘एक्वा पार्क’’ की स्थापना के लिए 25 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाय) की तीसरी वर्षगांठ पर इंदौर में आयोजित समारोह में रूपाला ने कहा,‘‘हमने पीएमएमएसवाय के तहत भोपाल में (एकीकृत) एक्वा पार्क की स्थापना को मंजूरी दी है। केंद्र सरकार ने इसके लिए 25 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।"
रूपाला ने बताया कि एकीकृत एक्वा पार्क से राज्य के मछली पालकों को उत्तम गुणवत्ता के बीज और मछली पालन का प्रशिक्षण प्राप्त करने में बड़ी सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में समुद्र तट नहीं है लेकिन एकीकृत ‘‘एक्वा पार्क’’ स्थापित होने के बाद सूबे के अलग-अलग जल स्त्रोतों में मछली पालन की गतिविधियां तेज होंगी।
रूपाला ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश भर में पांच एकीकृत एक्वा पार्क मंजूर किए हैं जिनमें तमिलनाडु और अरुणाचल प्रदेश में स्वीकृत एक्वा पार्क भी शामिल हैं।
एकीकृत एक्वा पार्क, मत्स्य पालन मंत्रालय की अभिनव अवधारणा है जहां मछली पालन की अलग-अलग गतिविधियों को एक ही स्थान पर संचालित किया जाता है।
समारोह के बाद संवाददाताओं से बातचीत में रूपाला ने बताया कि पीएमएमएसवाय के तहत 20,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने के लिए मात्स्यिकी की 31 गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल भारत में हर साल करीब 174 लाख टन मछली उत्पादन किया जाता है और 60,000 करोड़ रुपये मूल्य के समुद्री उत्पादों का निर्यात किया जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY