देश की खबरें | एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र से जुड़ी दिक्कतों को 15 दिनों में दूर करने का निर्देश

नयी दिल्ली, 10 फरवरी दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को अधिकारियों को यहां ओखला बैराज में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के नौसैन्य प्रशिक्षण केंद्र से जुड़ी दिक्कतों को 15 दिनों के भीतर दूर करने का निर्देश दिया।

सिसोदिया ने बृहस्पतिवार को दिल्ली सचिवालय में वार्षिक गणतंत्र दिवस शिविर में विभिन्न पुरस्कार जीतने वाले 30 एनसीसी कैडेट को सम्मानित किया था। उपमुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान एनसीसी के कुछ अधिकारियों ने केंद्र में व्याप्त समस्याओं को उल्लेखित किया था।

एनसीसी कैडेट यमुना नदी के पार प्रशिक्षण केंद्र में नौका विहार और नौकायन सहित सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।

शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री ने केंद्र का निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग और बाढ़ एवं सिंचाई नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को केंद्र की ओर जाने वाले मार्ग को ठीक करने और नदी के किनारे झाड़ियों को हटाने का निर्देश दिया ताकि कैडेट बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आवश्यक कार्य करने के लिए एक कार्य योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि 15 दिन की अवधि पूरी होने के बाद वे फिर से केंद्र का दौरा करेंगे और उनके द्वारा किए गए कार्यों का निरीक्षण करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘एनसीसी हमारे युवाओं को अनुशासित बनाता है और उनमें देशभक्ति की भावना उत्पन्न करता है। मैंने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर यहां सभी समस्याओं को हल करने का निर्देश दिया है, ताकि कैडेट को प्रशिक्षण के दौरान किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)