देश की खबरें | इंडिगो, एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें 616 और भारतीयों को लेकर आईं

नयी दिल्ली, एक मार्च रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट और हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट से तीन उड़ानें यूक्रेन में फंसे हुए भारतीय को लेकर मंगलवार को भारत पहुंची।

अधिकारियों के मुताबिक, रूस के हमले की वजह से यूक्रेन में फंसे 616 और भारतीय नागरिकों को इन दोनों शहरों से तीन उड़ानें लेकर आई हैं।

मंगलवार को इंडिगो ने दो उड़ानों का संचालन किया जबकि टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस ने एक उड़ान को संचालित किया।।

भारत ने रोमानिया एवं हंगरी जैसे यूक्रेन के पश्चिमी पड़ोसी देशों के जरिए अपने नागरिकों को निकालने का अभियान 26 फरवरी को शुरू किया था। निजी विमानन कंपनियां अबतक नौ विशेष उड़ानों के जरिए 2, 012 भारतीयों को वापस वतन लेकर आई हैं।

एअर इंडिया एक्सप्रेस ने बुखारेस्ट-मुंबई उड़ान का संचालन किया जो कुवैत होते हुए आई। इस उड़ान में 182 भारतीय सवार थे।

इंडिगो ने बुडापेस्ट-दिल्ली उड़ान का संचालन किया जो तुर्की के इंस्ताबुल होते हुए राष्ट्रीय राजधानी पहुंची। इसकी उड़ान में 216 भारतीय सवार थे। इंडिगो ने इसी मार्ग से एक अन्य उड़ान का भी संचालन किया जिसमें 218 भारतीय सवार थे।

इस बीच, इंडिगो ने फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने के लिए चार विमानों को रवाना किया है, जिनमें से दो बुडापेस्ट और दो पोलैंड के ज़ेज़ॉ गए हैं। स्पाइसजेट ने भी मंगलवार को एक विमान स्लोवाकिया के कोसिसे भेजा है।

नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 27 फरवरी को कहा था कि लगभग 13,000 भारतीय यूक्रेन में फंसे हुए हैं, जिनमें से अधिकतर कॉलेज के विद्यार्थी हैं।

यूक्रेन के हवाई क्षेत्र को 24 फरवरी को तब बंद कर दिया गया था, जब रूसी सरकार ने देश के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया था।

यूक्रेन के शहर खारकीव में जा रही गोलाबारी में कर्नाटक के एक छात्र की मंगलवार सुबह मौत हो गई। विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)