कोलंबो, 29 जुलाई भारतीय नौसेना का पोत ‘खंजर’ शनिवार से श्रीलंका के पूर्वी बंदरगाह त्रिंकोमाली की तीन दिवसीय यात्रा करेगा। 'खंजर' खुकरी श्रेणी का स्वदेश निर्मित मिसाइल कार्वेट है। इस यात्रा का उद्देश्य लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने और लोगों को भारतीय नौसेना से परिचित कराना है।
कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि यह यात्रा क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा की साझा चुनौतियों से कुशलतापूर्वक निपटने के वास्ते श्रीलंका नौसेना की क्षमताओं को बढ़ाने के लिए भारत और श्रीलंका के बीच सहयोग की संभावना को देखते हुए महत्वपूर्ण है।
जहाज के कमांडिंग ऑफिसर एनवीएस फणी कुमार ‘ईस्टर्न नेवल एरिया’ के कमांडर से मुलाकात करेंगे, जबकि वीबीएसएस, गनरी और मिसाइल संचालन पर विभिन्न पेशेवर संवाद होगा।
बयान में कहा गया, ‘‘लोगों के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ाने और लोगों को भारतीय नौसेना और इसकी क्षमताओं से परिचित कराने के लिए जहाज स्कूली बच्चों के दौरे के लिए खुला रहेगा।’’
आम लोग 30 जुलाई को त्रिंकोमाली बंदरगाह पर जहाज पर आ सकते हैं।
बयान के अनुसार, जहाज पर त्रिंकोमाली में एक योग सत्र, समुद्र तट की सफाई और विशेष स्कूल सत्र भी आयोजित किया जाएगा। 31 जुलाई को त्रिंकोमाली के पास श्रीलंकाई नौसेना के जहाज के साथ एक समुद्री अभ्यास करने की भी योजना है।
पिछले हफ्ते, रानिल विक्रमसिंघे की भारत यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्रीलंकाई राष्ट्रपति 'संपर्क को बढ़ावा देने, समृद्धि को बढ़ावा देने: भारत-श्रीलंका आर्थिक साझेदारी दृष्टि' पर सहमत हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY