देश की खबरें | कांगो के संघर्षग्रस्त गोमा शहर में भारतीयों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया: विदेश मंत्रालय

नयी दिल्ली, 31 जनवरी भारत ने शुक्रवार को कांगो में संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान किया और कहा कि वह मध्य अफ्रीकी देश के घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहा है।

रवांडा समर्थित ‘एम23’ विद्रोहियों ने पूर्वी कांगो शहर गोमा पर कब्जा कर लिया है और वे अपने नियंत्रण क्षेत्र का विस्तार करने की सोच रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि लगभग 1000 भारतीय नागरिक गोमा में रह रहे हैं और संघर्ष शुरू होने के बाद उनमें से ज्यादातर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी) में हो रहे घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रहे हैं। हम बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंतित हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान करते हैं।’’

जायसवाल ने कहा कि कांगो की राजधानी किंशासा स्थित भारतीय दूतावास ने गोमा क्षेत्र में रहने वाले भारतीयों के लिए परामर्श जारी किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘लगभग एक हजार भारतीय नागरिक गोमा में रह रहे थे लेकिन संघर्ष शुरू होने के बाद से उनमें से ज्यादातर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दूतावास समुदाय की भलाई और सुरक्षा के लिए नियमित रूप से उनके संपर्क में रहता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)