नयी दिल्ली, 22 अगस्त भारतीय तटरक्षक ने फिलीपीन के साथ समुद्री सहयोग बढ़ाने के लिए उसके तटरक्षक बल के साथ मंगलवार को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसका मकसद क्षेत्र में सुरक्षित, संरक्षित और स्वच्छ समुद्र सुनिश्चित करना है। रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक राकेश पाल और फिलीपीन तटरक्षक के कमांडेंट सीजी एडमिरल आर्टेमियो एम अबू ने दिल्ली में तटरक्षक मुख्यालय में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्षों ने कई समुद्री मुद्दों पर अपनी पहली द्विपक्षीय बैठक की।
बयान के मुताबिक, “ भारत और फिलीपीन के बीच द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत भारतीय तट रक्षक ने समुद्री सहयोग बढ़ाने के लिए फिलीपीन तट रक्षक (पीसीजी) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।”
मंत्रालय ने कहा कि समझौते का उद्देश्य समुद्री कानून प्रवर्तन (एमएलई), समुद्री खोज और बचाव (एम-एसएआर) और समुद्री प्रदूषण प्रतिक्रिया (एमपीआर) के क्षेत्र में दोनों तटरक्षकों के बीच पेशेवर संबंध को बढ़ाना है।
पीसीजी का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 20-24 अगस्त तक भारत के आधिकारिक दौरे पर है। इससे पहले, प्रतिनिधिमंडल ने 21 अगस्त को गोवा का दौरा किया था, जहां उन्होंने 'आत्मनिर्भर भारत' के तहत तटरक्षक की नौकाओं और विमानों की अभियानगत क्षमताओं को देखा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY