नयी दिल्ली, छह फरवरी इटली में रहने वाले 22 वर्षीय एक भारतीय युवक को कथित तौर पर उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तस्वीर इस्तेमाल कर फर्जी व्हाट्सऐप खाता बनाने और स्वयं को वरिष्ठ अधिकारियों से लाभ लेने हेतु उप राष्ट्रपति बताने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी गगनदीप सिंह जम्मू का रहने वाला है और वर्ष 2007 से ही इटली के ओफनेंगो में परिवार के साथ रहता है, उसने नौवीं कक्षा तक की पढ़ाई भारत में की थी और इटली में 12वीं तक की पढ़ाई करने के बाद कपंनी में मजदूर के तौर पर काम करता है।
पुलिस ने बताया कि सिंह को उप राष्ट्रपति का स्वांग रच धोखाधड़ी की प्रेरणा कई यूट्यूब वीडियो देखने के बाद मिली।
उन्होंने बताया कि इस मामले में उसके साथी 29 वर्षीय अश्वनी कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है जिसने सिंह को फर्जी व्हाट्सऐप खाता बनाने के लिए ओटीपी या वन टाइम पासवर्ड दिया था।
पुलिस उपायुक्त (खुफिया व रणनीति अभियान) प्रशांत गौतम ने बताया कि उप राष्ट्रपति की तस्वीर के साथ फर्जी व्हाट्सऐप खाता बनाने से पहले सिंह ने कई यू ट्यूब वीडियो देखे और इंटरनेट के जरिये कई सरकारी अधिकारियों के संपर्क नंबर एकत्र किए।
उन्होंने बताया, ‘‘इसके बाद उसने अपने साथी से भारतीय मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप खाता बनाने के लिए ओटीपी प्राप्त किया। व्हाट्सऐप खाता बनाने के बाद उसने उप राष्ट्रपति की तस्वीर प्रोफाइल तस्वीर के तौर पर लगाई और इस खाते का इस्तेमाल कर वरिष्ठ अधिकारियों को संदेश भेजा ताकि उनसे लाभ प्राप्त किया जा सका।’’
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी किसी व्यक्ति द्वारा पुलिस को जालसाजी की सूचना दिए जाने के बाद मिली जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY