वाशिंगटन/ह्यूस्टन, 19 जून प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजकीय यात्रा को लेकर भारतीय-अमेरिकियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और उनकी यात्रा से कुछ दिन पहले सैकड़ों भारतवंशी देश के 20 शहरों में प्रमुख स्थानों पर एकत्र हुए और उन्होंने उनके स्वागत में मार्च निकाले।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 21 से 24 जून को अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे। बाइडन और उनकी पत्नी 22 जून को प्रधानमंत्री मोदी के लिए राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 22 जून को कांग्रेस के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी वाशिंगटन के प्रतिष्ठित ‘रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग एंड इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर’ में 23 जून को आयोजित कार्यक्रम में भारतीय-प्रवासियों को संबोधित करेंगे।
वाशिंगटन डीसी और उसके आस-पास के इलाकों से सैकड़ों भारतीय-अमेरिकियों ने रविवार को ‘‘नेशनल मोन्यूमेंट’’ के निकट एकत्र होकर एकता का संदेश दिया और कहा कि वे शहर में प्रधानमंत्री के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
‘‘मोदी-मोदी’’ और भारत-अमेरिका दोस्ती के नारे लगाते हुए भारतीय-अमेरिकियों ने ऐतिहासिक लिंकन मेमोरियल की ओर एक घंटे से अधिक समय तक जुलूस निकाला। इस दौरान कुछ लोगों ने नृत्य भी किया।
ह्यूस्टन में समुदाय के सदस्य शुगरलैंड मेमोरियल पार्क में एकत्र हुए। उन्होंने इस दौरान तिरंगा भी थाम रखा था। इस दौरान बोस्टन, शिकागो, अटलांटा, मियामी, टाम्पा, डलास, लॉस एंजिलिस, सैक्रामेंटो, सैन फ्रांसिस्को, कोलंबस और सेंट लुइस में भी लोग एकत्र हुए।
इसी तरह के दृश्य अमेरिका के कई प्रतिष्ठित स्थानों जैसे न्यूयॉर्क में टाइम्स स्क्वायर और सैन फ्रांसिस्को में गोल्डन गेट ब्रिज पर भी दिखाई दिए।
ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्यदूत असीम महाजन ने कहा, ‘‘भारतीय अमेरिकी समुदाय के साथ ही ऊर्जा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आईटी जैसे विभिन्न उद्योगों से जुड़े प्रमुख व्यापारिक हितधारक प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक यात्रा को लेकर वास्तव में उत्साहित और आशावादी हैं।’’
महाजन ने कहा, ‘‘हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत में पूरे देश से निर्वाचित अधिकारियों, प्रमुख व्यावसायिक घरानों और अन्य भारतीय-अमेरिकी संगठनों से प्रति दिन बड़ी संख्या में संदेश मिल रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं।’’
विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजकों ने कहा कि 20 शहरों से आ रहे ये दृश्य तथा वाशिंगटन डीसी व न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री मोदी के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए टिकट को लेकर मच रही मारा-मारी देश में उनकी लोकप्रियता को दर्शाती है।
परमार्थ कार्य करने वाले एवं ‘इंडियास्पोरा’ के संस्थापक एम. आर. रंगास्वामी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ यह मोदी का जादू है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY