नयी दिल्ली, 31 जनवरी भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों में भूमिका के लिए भारतीय जांच एजेंसियों द्वारा वांछित तहव्वुर राणा के जल्द प्रत्यर्पण के लिए अमेरिकी अधिकारियों के साथ काम कर रहा है।
पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक राणा के प्रत्यर्पण को कुछ दिन पहले अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने मंजूरी दे दी थी। न्यायालय ने मामले में उसकी पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में एक सवाल पर कहा, ‘‘अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने 21 जनवरी को आरोपी की याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया। हम अब मुंबई आतंकवादी हमले के आरोपी को जल्द भारत लाने के लिए प्रक्रियागत मुद्दों पर अमेरिकी पक्ष के साथ काम कर रहे हैं।’’
राणा वर्तमान में लॉस एंजिल्स के एक हिरासत केंद्र में बंद है। राणा को पाकिस्तानी-अमेरिकी आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली से जुड़ा माना जाता है, जो 26 नवंबर 2008 के हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक है।
दस पाकिस्तानी आतंकवादियों के एक समूह ने अरब सागर में समुद्री मार्ग से भारत की वित्तीय राजधानी में घुसपैठ करने के बाद 26 नवंबर 2008 को एक रेलवे स्टेशन, दो लक्जरी होटल और एक यहूदी केंद्र पर हमला किया था। हमलों में 166 लोग मारे गए थे।
नवंबर वर्ष 2012 में, पाकिस्तानी आतंकी अजमल आमिर कसाब को पुणे की यरवदा जेल में फांसी दे दी गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY