देश की खबरें | एकाधिकारवादी पूंजीवाद पर दुनिया के लिए भारत ‘विश्वगुरु’ होगा: बढ़ते हवाई किराए पर चिदंबरम

नयी दिल्ली, 18 जून कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने बढ़ते हवाई किराए को लेकर रविवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुक्त बाजारों में जब मांग बढ़ेगी तो आपूर्ति बढ़ेगी, लेकिन भारत के मुक्त बाजार में जब मांग बढ़ेगी तो कीमतें बढ़ेंगी।

बढ़ते हवाई किराए के संबंध में ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमलावर रही है। चिदंबरम ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘विस्तार और एअर इंडिया ने दिल्ली-चेन्नई बिजनेस श्रेणी के हवाई टिकट क्रमशः 6300 रुपये और 5700 रुपये के ‘उचित’ मूल्य पर निर्धारित किए हैं। उफ, क्षमा करें, वे ‘बेहद उचित’ दर पर निर्धारित हैं। क्रमशः 63,000 रुपये और 57,000 रुपये।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुक्त बाजारों में, जब मांग बढ़ेगी तो आपूर्ति भी बढ़ेगी। भारत के मुक्त बाजार में जब मांग बढ़ेगी तो कीमतें बढ़ेंगी।’’

पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि एयरलाइंस अपने मार्गों का विस्तार करेंगी, पुराने मार्गों पर उड़ानें कम करेंगी और कीमतें बढ़ाएंगी। उन्होंने कहा, ‘‘भारत एकाधिकारवादी पूंजीवाद पर दुनिया के लिए विश्वगुरु होगा।’’

हाल के सप्ताहों में, मुख्य रूप से क्षमता की कमी और संकटग्रस्त विमानन कंपनी ‘गो फर्स्ट’ द्वारा परिचालन के निलंबन के कारण कुछ मार्गों पर हवाई किराए में वृद्धि हुई है।

इसके मद्देनजर, विभिन्न वर्गों की तरफ से चिंता व्यक्त की गई है और नागर विमानन मंत्रालय ने छह जून को विमानन कंपनियों को हवाई टिकटों के उचित मूल्य निर्धारण को सुनिश्चित करने के लिए एक तंत्र तैयार करने को कहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)