जरुरी जानकारी | भारत 2047 तक ‘क्रूज’ केंद्र होगा :सोनोवाल

नयी दिल्ली, 12 दिसंबर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को कहा कि सरकार भारत को क्रूज हब (केन्द्र) के रूप में स्थापित करने और वर्ष 2047 तक वार्षिक क्रूज यात्रियों की संख्या को 50 लाख तक बढ़ाने के लिए विभिन्न उपाय कर रही है।

बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री ने कहा कि सरकार भारत को एशिया प्रशांत क्षेत्र में प्रमुख क्रूज केंद्र के रूप में स्थापित करने की कल्पना करती है।

सोनोवाल ने यहां ‘डेलॉयट-गवर्नमेंट समिट आरोहा: ग्रोथ विद इम्पैक्ट’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमारा उद्देश्य वर्ष 2047 तक अमृत काल में भारत में क्रूज यात्रियों की वार्षिक संख्या को 50 लाख तक बढ़ाना है, जो वर्तमान में 4.72 लाख है।’’

यह मौजूदा आंकड़ों से 10 गुना अधिक की बढ़ोतरी होगी।

मंत्री ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं, जिनमें अत्याधुनिक क्रूज टर्मिनलों का विकास, मानकीकृत प्रक्रियाओं का कार्यान्वयन और ई-वीजा सुविधाओं की शुरूआत समेत अन्य उपाय शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत में 25 परिचालन वाले क्रूज़ टर्मिनल होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)