श्रीलंका के साथ बहुपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है भारत :उच्चायुक्त

कोलंबो, 23 मई श्रीलंका में भारत के नये उच्चायुक्त ने शनिवार को कहा कि भारत अपने पड़ोसी देश के साथ बहुपक्षीय संबंधों, विशेष रूप से ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

श्रीलंका में भारत के नये उच्चायुक्त गोपाल बागले ने शनिवार को यहां धार्मिक सांस्कृतिक स्थलों का दौरा किया और कहा कि ये स्थान दोनों दक्षिण एशियाई पड़ोसियों के बीच ऐतिहासिक बंधनों को और मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।

भारतीय उच्चायोग ने एक बयान में कहा कि बागले ने प्रसिद्ध गंगारामया बौद्ध मंदिर का भ्रमण किया जो 120 साल से ज्यादा पुराना है। उन्होंने यहां श्रीलंका तथा भारत के लोगों के स्वास्थ्य, शांति एवं समृद्धि के लिए तथा उनके बीच सहयोग एवं मित्रता के लिए प्रार्थना की।

बागले आठ मई को एक विशेष विमान से यहां पहुंचे थे जो भारत से श्रीलंका के लिए दवाओं तथा चिकित्सा सामग्री की खेप लेकर रवाना हुआ था। यहां पहुंच कर निर्धारित स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद आधिकारिक आवास से आज यह उनका पहला दौरा था।

बागले ने 14 मई को वीडियो कॉन्फ्रेंस से कोलंबो में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति जी. राजपक्षे को अपना परिचय-विवरण प्रस्तुत किया था। कोरोना वायरस महामारी के कारण ऐसा किया गया।

उच्चायुक्त ने श्रीलंका के साथ बहुपक्षीय संबंधों, विशेष रूप से ऐतिहासिक एवं गहन सभ्यता वाले, धार्मिक तथा सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने की भारतीय नेतृत्व की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

बाद में वह सेंट एंथनी चर्च गए और पिछले साल ईस्टर सन्डे पर आतंकवादी हमलों में मारे गये करीब 260 लोगों को श्रद्धांजलि दी जिनमें 11 भारतीय भी शामिल थे।

आतंकी हमलों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्रीलंका की यात्रा और चर्च के दौरे के साथ दिखाई गयी एकजुटता की भावना को याद करते हुए उन्होंने दोनों देशों की शांति एवं सुरक्षा की प्रार्थना की।

उन्होंने श्रीलंका के साथ जनता के बीच संबंधों से लेकर हर क्षेत्र में बहुमुखी सहयोग मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)