नयी दिल्ली, 16 नवंबर भारत ने बृहस्पतिवार को अपनी सीमा के पास म्यांमा की सेना और सैन्य शासन विरोधी समूहों के बीच लड़ाई को रोकने का आह्वान किया, जिससे मिजोरम में पड़ोसी देश के शरणार्थियों की आमद बढ़ गई है।
पिछले कुछ हफ्तों में भारत से सटी सीमा के पास कई प्रमुख कस्बों और क्षेत्रों में म्यांमा के सैन्य शासन विरोधी समूहों और सरकारी बलों के बीच संघर्ष बढ़ गया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने अपनी साप्ताहिक प्रेसवार्ता के दौरान भारत-म्यांमा सीमा के नजदीक हिंसा की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा, ‘‘लड़ाई के परिणामस्वरूप, भारत-म्यांमा सीमा पर पड़ोसी देश के नागरिकों की भारतीय सीमा में आवाजाही बढ़ी है।’’
बागची ने कहा, ‘‘हम अपनी सीमा के करीब ऐसी घटनाओं से बेहद चिंतित हैं। म्यांमा में मौजूदा स्थिति पर हमारी स्थिति बहुत स्पष्ट है - हम हिंसा की समाप्ति और रचनात्मक संवाद के माध्यम से स्थिति का समाधान चाहते हैं।’’
उन्होंने कहा कि भारत, म्यांमा में शांति और स्थिरता की बहाली के पक्ष में है।
शफीक अविनाश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY