देश की खबरें | विवाद समाधान के लिए पसंदीदा स्थान बन रहा है भारत : न्यायमूर्ति सूर्यकांत

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश सूर्यकांत ने रविवार को कहा कि भारत में मध्यस्थता का दायरा विकसित हो रहा है, जिससे यह मध्यस्थता और विवाद समाधान के लिए पसंदीदा स्थान बन गया है।

न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने यह भी कहा कि मध्यस्थता के लिए एक स्थायी वातावरण स्थापित करने से ही व्यवसायों को आमंत्रित किया जा सकेगा और विदेशी कारोबारियों के साथ एक भरोसेमंद संबंध बनाया जा सकेगा।

दिल्ली उच्च न्यायालय में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रोहतक की ओर से आयोजित मध्यस्थता और विवाद समाधान पर एक संयुक्त शिखर सम्मेलन में न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि मध्यस्थता विदेशी व्यवसायों को भारतीय बाजार में प्रवेश करने के लिए प्रोत्साहित करती है और विवादों के सुचारू समाधान का वादा करती है।

न्यायमूर्ति सूर्यकांत के हवाले से एक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘भारत में स्थितियों में सुधार हो रहा है और मध्यस्थता का दायरा विकसित हो रहा है, जिससे देश मध्यस्थता और विवाद समाधान के लिए एक पसंदीदा स्थान बन गया है।"

न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने सुझाव दिया कि भारत में संस्थागत मध्यस्थता को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए और यह सक्षम विशेषज्ञता के साथ अधिक गतिशील और विशिष्ट होगी।

इस अवसर पर इंडिया इंटरनेशनल आर्बिटेशन सेंटर (आईआईएसी) और आईआईएम, रोहतक के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)