देश की खबरें | भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास 'ऑस्ट्राहिंद' पुणे में शुरू हुआ

नयी दिल्ली, आठ नवंबर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास शुक्रवार को पुणे में शुरू हुआ।

अर्ध-रेगिस्तानी इलाकों में अर्ध-शहरी वातावरण में संयुक्त उप-पारंपरिक अभियानों के संचालन में अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाकर सहयोग को बढ़ावा देना इसका उद्देश्य है।

'एक्सरसाइज ऑस्ट्राहिंद' का तीसरा संस्करण दो चरणों में आयोजित किया जाएगा।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "अभ्यास के दौरान जिन ड्रिल या पहलुओं का पूर्वाभ्यास किया जाएगा उनमें आतंकवादी कार्रवाई का जवाब देते हुए एक निर्धारित क्षेत्र पर कब्जा करना; संयुक्त संचालन केंद्र की स्थापना; छापेमारी, तलाशी और नष्ट करने जैसे संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभियान चलाना; हेलीपैड की सुरक्षा करना; ड्रोन का उपयोग और ड्रोन-रोधी उपाय तथा विशेष हेली-जनित अभियान आदि शामिल होंगे।"

दोनों पक्ष 21 नवंबर तक संयुक्त अभ्यास के दौरान सामरिक संचालन की रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं में अपने सर्वोत्तम कार्यों को भी साझा करेंगे।

'एक्सरसाइज ऑस्ट्राहिंद' एक वार्षिक कार्यक्रम है जो भारत और ऑस्ट्रेलिया में बारी-बारी से आयोजित किया जाता है। इसका पिछला संस्करण दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)