देश की खबरें | भारत और समोआ ने द्विपक्षीय संबंधों और विकास सहयोग पर चर्चा की

नयी दिल्ली, 22 अगस्त भारत और समोआ ने स्वास्थ्य, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, लघु एवं मध्यम उद्यम, क्षमता निर्माण जैसे विकास गठजोड़ के क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय संबंधों के विविध आयामों तथा राष्ट्रमंडल स्तरीय सहयोग पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, भारत और समोआ के बीच पहली विदेश कार्यालय स्तरीय विचार विमर्श बैठक 21 अगस्त को समोआ के एपिया में हुई। इस बैठक की सह अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) सौरभ कुमार और वहां के विदेश मामलों एवं कारोबार मंत्रालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी पेसेटा नोउमिया सिमी ने की।

बयान में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने स्वास्थ्य, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, लघु एवं मध्यम उद्यम, क्षमता निर्माण जैसे विकास गठजोड़ के क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय संबंधों के विविध आयामों पर चर्चा की। साथ ही दोनों पक्षों ने भारत-प्रशांत द्वीप सहयोग मंच (एफआईपीआईसी) की बैठक के बाद की स्थिति पर भी चर्चा की।

भारत-प्रशांत द्वीप सहयोग मंच (एफआईपीआईसी) की बैठक 22 मई 2023 को पापुआ न्यूगिनी के पोर्ट मोरेस्बी में आयोजित हुई थी।

मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने राष्ट्रमंडल और संयुक्त राष्ट्र के स्तर पर सहयोग सहित क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।

समोआ राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की अगली बैठक (सीएचओजीएम) की मेजबानी करेगा जो 21 अक्टूबर 2023 को आयोजित होगी।

बयान में कहा गया है कि विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) सौरभ कुमार ने वहां प्रधानमंत्री फिएम नाओमी माताफा से भेंट की। उन्होंने स्वास्थ्य, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में भारतीय विकास परियोजनाओं को देखा ।

दोनों पक्षों ने नियमित रूप से विदेश कार्यालय स्तर की विचार विमर्श बैठक आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)