नयी दिल्ली/द्रास, 26 जुलाई तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने करगिल विजय दिवस की 24वीं वर्षगांठ पर मंगलवार को शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पाण्डे ने कहा कि देश ने वीर जवानों के ‘‘अदम्य साहस’’ के कारण ‘‘ऐतिहासिक जीत’’ हासिल की थी।
जनरल पाण्डे ने सुबह ट्वीट किया, ‘‘करगिल विजय दिवस भारतीय सेना के पराक्रम, शौर्य और दृढ़ निश्चय का प्रतीक है। आज के इस गौरवशाली अवसर पर उन सभी शूरवीरों को नमन जिनके अदम्य साहस से यह ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई। देश के स्वाभिमान और सम्प्रभुता की रक्षा के लिए भारतीय सेना सदैव समर्पित है।’’
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, सेनाध्यक्ष जनरल पाण्डे के साथ भारतीय वायुसेना के प्रमुख एअर मार्शल वी आर चौधरी और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने लद्दाख के द्रास में करगिल युद्ध स्मारक पर करगिल युद्ध के शहीदों तथा शूरवीरों को श्रद्धांजलि दीं।
सेना ने कुछ तस्वीरें साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘करगिल विजय दिवस 2023 के मौके पर प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, जनरल मनोज पाण्डे, एडमिरल आर हरि कुमार और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने द्रास में करगिल युद्ध स्मारक पर करगिल युद्ध के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने इस मौके पर करगिल युद्ध के शूरवीरों के निस्वार्थ बलिदान के प्रति आभार व्यक्त किया।’’
सेना ने द्रास में करगिल युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की तस्वीरें भी साझा कीं।
सेना करगिल युद्ध की 24वीं वर्षगांठ के मद्देनजर पिछले कुछ दिन से अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लगातार पोस्ट कर रही है।
सेना ने बुधवार को ट्वीट किया, ‘‘हमारी कड़ी मेहनत से हासिल की गई जीत सशस्त्र बलों तथा हमारी अवाम के बीच तालमेल का प्रमाण है जो आने वाले दिनों में बढ़ेगा।’’
एक अन्य ट्वीट में सेना ने श्रद्धांजलि की एक छोटी वीडियो क्लिप भी साझा की।
उसने कहा, ‘‘करगिल विजय दिवस उन वीरों की निडरता और साहस की याद दिलाता है जिन्होंने अपने रक्त तथा बलिदान से इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय लिखा। उन्होंने दुश्मन के दुस्साहस का करारा जवाब दिया और राष्ट्र को शानदार जीत दिलायी।’’
दिल्ली में रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर बहादुर जवानों को पुष्पांजलि अर्पित की। सेना ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘24वें करगिल विजय दिवस के अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल सुचींद्र कुमार, वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह, एअर मार्शल ए पी सिंह और लेफ्टिनेंट जनरल जे पी मैथ्यू ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा करगिल युद्ध के शूरवीरों को श्रद्धांजलि दी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY