ताजा खबरें | संसदीय समिति की बैठक में सदस्यों ने रणवीर इलाहाबादिया की टिप्पणी का मुद्दा उठाया

नयी दिल्ली, 13 फरवरी संसद की एक समिति के कई सदस्यों ने यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया की अश्लील टिप्पणियों का मुद्दा उठाते हुए ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई और ठोस कदम उठाने की मांग की।

समिति की बैठक के बाद बीजू जनता दल (बीजद) के सस्मित पात्रा ने कहा कि कई सदस्यों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर यह मुद्दा उठाया और यह सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की जरूरत बताई कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं हों।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निशिकांत दुबे की अध्यक्षता वाली समिति इस मुद्दे पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिख सकती है।

सूत्रों ने बताया कि भाजपा के अनिल बलूनी, वी डी शर्मा, लहर सिंह सिरोया और शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने यह मुद्दा उठाया।

यूट्यूबर और कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने एक ऐसी टिप्पणी कर कर दी थी जिसकी बड़े पैमाने पर आलोचना हो रही है और उसे बेहद अश्लील तथा आपत्तिजनक बताया जा रहा है।

रणवीर ने इस शो में एक प्रतिभागी से माता-पिता के निजी संबंधों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

‘बीयरबाइसेप्स’ के नाम से मशहूर इलाहाबादिया ने इस चूक के लिए माफी मांगी है, लेकिन यह मुद्दा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)