नयी दिल्ली, 17 फरवरी उत्तरपूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में सोमवार को 27 वर्षीय महिला पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, गोकलपुरी थाने में सुबह नौ बजकर आठ मिनट पर एक पीसीआर कॉल आई, जिसमें जोहरीपुर पुलिया के पास एक महिला के सड़क पर पड़े होने की सूचना दी गयी।
पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, जहां सड़क पर खून के धब्बे मिले। पुलिस ने बताया कि महिला को पहले ही अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।
पुलिस के मुताबिक, जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि महिला के पेट पर चाकू से वार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि मेडिकल टीम की तमाम कोशिशों के बावजूद आपातकालीन वार्ड में महिला ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, अपराध शाखा और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं हालांकि वारदात के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
इस बीच, महिला के परिवार ने उसके पति पर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वह पिछले आठ महीनों से अपने पति से अलग रह रही थी, क्योंकि उसका पति पैसों के मुद्दे पर रोज उससे मारपीट करता था।
परिवार के सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि एक हफ्ते पहले भी पति ने उससे (महिला से) मारपीट की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY