देश की खबरें | आंध्र प्रदेश में दूसरे दिन 50 फीसदी से भी कम कर्मी टीका लगवाने आए
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

अमरावती (आंध्र प्रदेश), 17 जनवरी आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस के टीकाकरण अभियान के दूसरे दिन रविवार को लक्षित लाभार्थियों में से 50 फीसदी से भी कम लोग टीका लगवाने आए। मगर यह संख्या देश में सबसे ज्यादा रही।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पूरे प्रदेश में 13,041 स्वास्थ्य कर्मियों ने कोविड-19 का टीका लगवाया जबकि लक्ष्य 27,233 लोगों को टीका लगाने का था।

समूचे देश में रविवार को छह राज्यों में 17,000 से ज्यादा लोगों को कोरोना वायरस के टीके की खुराक दी गई।

स्वास्थ्य आयुक्त के भास्कर ने बताया कि टीकाकरण के बाद सिर्फ दो लोगों में प्रतिकूल प्रभाव नजर आने की रिपोर्ट है और यह मामले गंभीर नहीं थे। ये मामले कृष्णा और एसपीएस नेल्लोर जिलों से हैं।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पहले दो दिनों 32,149 लोगों को टीका दिया गया है जबकि लक्ष्य 58,803 लोगों को टीका लगाने का था।

खराब प्रतिक्रिया के बारे में पूछने पर एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि संख्या धीरे-धीरे बढ़ेगी।

उन्होंने बताया, "टीकाकरण स्वैच्छिक है और हम लोगों को लाने और टीका लगवाने के लिए जबर्दस्ती नहीं कर सकते हैं।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)