मुंबई, तीन जुलाई हिंदुजा समूह के स्वामित्व वाली इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स (आईआईएचएल) ने रिलायंस कैपिटल के प्रस्तावित अधिग्रहण के वित्तपोषण और इंडसइंड बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए 1.5 अरब डॉलर की पूंजी जुटाने की घोषणा की है। आईआईएचएल इंडसइंड बैंक की प्रवर्तक भी है।
पोर्ट लुइस से जारी बयान के मुताबिक, मॉरीशस में पंजीकृत आईआईएचएल के निदेशक मंडल ने भारत में निजी क्षेत्र के चौथे बड़े ऋणदाता में अपनी हिस्सेदारी 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 26 प्रतिशत करने का भी फैसला किया है।
गौरतलब है कि 29 जून को संकटग्रस्त रिलायंस कैपिटल के ऋणदाताओं ने इंडसइंड बैंक की 9,661 करोड़ रुपये की संशोधित बोली स्वीकार कर ली थी।
आईआईएचएल ने नीलामी में सबसे ज्यादा 9,661 करोड़ रुपये नकद की पेशकश की थी। 99 प्रतिशत ऋणदाताओं ने इसके पक्ष में मत दिया था। बोली में रिलायंस कैप के पास मौजूद 500 करोड़ रुपये की नकदी भी ऋणदाताओं को दिए जाने की बात थी। इससे कुल वसूली 10,200 करोड़ रुपये बैठती है जो 16,000 करोड़ रुपये के मूल गारंटी वाले कर्ज का 65 प्रतिशत है।
आईआईएचएल के चेयरमैन अशोक पी हिंदुजा ने बयान में कहा, ‘‘डेढ़ अरब डॉलर जुटाने का फैसला हमारे लिए देश और अन्य स्थानों पर बीएफएसआई क्षेत्र में कारोबारी अवसर खोलेगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY