जरुरी जानकारी | आईएफएससी प्राधिकरण त्वरित भुगतान के लिए जल्द लाएगा नियमः चेयरमैन

मुंबई, छह सितंबर अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफएससीए) के चेयरमैन के राजारमण ने बुधवार को कहा कि प्राधिकरण त्वरित भुगतान समाधान सुनिश्चित करने में विनियमित इकाइयों की मदद के लिए जल्द ही नियम जारी करेगा।

राजारमण ने यहां ग्लोबल फिनटेक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्राधिकरण अगले छह महीनों में आईएफएससी एक्सचेंज पर कंपनियों की सूचीबद्धता के संबंध में अंतिम नियमों के आने की उम्मीद कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम भुगतान नियमों को जल्द, संभवतः अगले कुछ माह में लाने जा रहे हैं। इससे विनियमित इकाइयां भुगतान का त्वरित समाधान देने के लिए सेवाएं मुहैया करा पाएंगी।’’

फिलहाल इस तरह के भुगतानों का निपटान बैंकिंग प्रणाली के जरिये किया जाता है।

राजारमण ने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि इन नियामकीय बदलावों से हम गिफ्ट सिटी स्थित आईएफएससी में कुछ विदेशी कंपनियों के आने के लिए आधार बनाने में सफल होंगे।’’

आईएफएससी एक्सचेंजों पर कंपनियों की सूचीबद्धता के बारे में राजारमण ने कहा कि वित्त मंत्रालय की इस संदर्भ में अधिसूचना आने वाली है।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)