उन्नाव/रायबरेली (उप्र), 15 फरवरी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा चुनाव के बाद राशन नहीं दिए जाने का दावा करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो पांच साल तक गरीबों को मुफ्त राशन के अलावा स्वास्थ्य बेहतर करने के लिए एक किलोग्राम घी भी दिया जाएगा।
रायबरेली और उन्नाव में सपा के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘'इस समय गरीबों को जो राशन मिल रहा है, वह केवल चुनाव तक मिलने वाला है। चुनाव के बाद यह नहीं मिलेगा। पहले इसे नवंबर तक दिया जाना था, लेकिन जब उत्तर प्रदेश चुनाव की घोषणा की गई, तो उन्होंने कहा कि मुफ्त राशन मार्च तक मिलेगा। दिल्ली के बजट में राशन का पैसा नहीं रखा है, क्योंकि वह जानते हैं कि मार्च में चुनाव खत्म हो जाएगा।’’
सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘समाजवादियों ने पहले भी राशन दिया था। जब तक सपा की सरकार है, हम अपने गरीबों को राशन देंगे। इसके साथ ही हम एक साल में सरसों का तेल के साथ-साथ दो सिलेंडर भी देंगे और गरीबों के स्वास्थ्य को बेहतर करने के लिए उन्हें एक किलोग्राम घी भी दिया जाएगा।’’
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘पहले चरण से ही सपा आगे बढ़ रही है और जो लोग कह रहे थे गर्मी निकाल देंगे उनके समर्थक पहले ही चरण में ठंडे पड गये है। दूसरे चरण में आते आते जिस तरह के वोट पड़े है उसमें उनके कार्यकर्ता सुन्न पड़ गये है।’’
यादव ने कहा कि अब जब उन्नाव के लोग वोट डालेंगे तो भाजपा का खाता यहां नहीं खुलेगा।
सपा मुख्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार अखिलेश यादव ने आज रायबरेली, उन्नाव, फतेहपुर और कानपुर की जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के लोग बाबा साहेब (भीमराव आंबेडकर) के रास्ते से भटक गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस, बसपा की सरकार बननी नहीं है, इनके चक्कर में मत आना। किसी भी अन्य दल का इस बार खाता नहीं खुलेगा। पहले दो चरणों की हवा सपा के पक्ष में है।’’
इससे पहले रायबरेली की सभा में यादव ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा वितरित किए जा रहे राशन की गुणवत्ता खराब थी और नमक में कांच के कण पाए जाने की भी खबरें आई थीं। उन्होंने पूछा कि क्या नमक गुजरात से नहीं आ रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 11 लाख सरकारी रिक्तियां हैं और सपा सरकार उन पदों को भरकर युवाओं को रोजगार देगी। यादव ने कहा, ‘‘भाजपा नेता घर-घर जाकर वोट मांग रहे थे। उनके वरिष्ठ नेता पर्चे बांट रहे थे... लेकिन अब वह अभियान बंद हो गया है क्योंकि जब उन्होंने कुछ गांवों का दौरा किया, तो लोगों ने उन्हें खाली गैस सिलेंडर दिखाया। जिस दिन से लोगों ने खाली सिलेंडर दिखाया, भाजपा नेताओं का घर-घर जाकर प्रचार बंद हो गया।’’
राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार के तहत कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हिरासत में सबसे ज्यादा मौतें भाजपा सरकार के दौरान हुई हैं। इस डबल इंजन वाली सरकार में भ्रष्टाचार भी दोगुना हो गया है।’’ सपा अध्यक्ष ने मतदाताओं से रायबरेली के समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की भी अपील की।
रायबरेली और उन्नाव में 23 फरवरी को चौथे चरण में मतदान होना है।
जफर आनन्द
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY