देश की खबरें | सुरक्षा की स्थिति अच्छी है तो अमित शाह जम्मू से कश्मीर की यात्रा क्यों नहीं कर लेते: राहुल

श्रीनगर, 29 जनवरी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति को लेकर रविवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अगर इस केंद्रशासित प्रदेश में सुरक्षा की स्थिति अच्छी है तो फिर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू से कश्मीर तक की यात्रा क्यों नहीं कर लेते?

उन्होंने जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया बहाल करने की जरूरत पर जोर दिया और कहा कि संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की लद्दाख की मांग को पूरा किया जाना चाहिए।

हालांकि राहुल गांधी इस सवाल को टाल गए कि क्या कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी एवं कुछ अन्य दलों की मौजूदगी वाले गुपकर गठबंधन का हिस्सा बनेगी।

यह पूछे जाने पर कि भाजपा के लोग जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति में सुधार का दावा करते हैं तो राहुल गांधी ने कहा, ‘‘यहां पर तो टारगेट किलिंग हो रही है, बम विस्फोट हो रहे हैं। अगर सुरक्षा हालात में सुधार हुआ होता तो सुरक्षा से जुड़े लोग मेरे साथ जो बातचीत कर रहे हैं, वो नहीं होती। (अगर स्थिति ठीक है तो) भाजपा के लोग जम्मू से लालचौक तक यात्रा करें।’’

उन्होंने यह सवाल भी किया, ‘‘अगर सुरक्षा की स्थिति बहुत अच्छी है तो अमित शाह जम्मू से कश्मीर तक की यात्रा क्यों नहीं कर लेते?’’

राहुल गांधी के मुताबिक, वह जम्मू-कश्मीर के लोगों की जो भी मदद कर सकते हैं, वो करने के लिए खुले दिल से आये हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मोहब्बत और लोगों को सुनना एक शक्तिशाली चीज है। मैं इसके राजनीतिक पहलुओं पर टिप्पणी नहीं करना चाहता।’’

उनसे देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की ओर से 1948 में जम्मू-कश्मीर के लोगों से किए गए वादे के बारे में सवाल किया गया था।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने अनुच्छेद 370 के विशेष प्रावधान खत्म किए जाने से जुड़े सवाल पर कहा कि कांग्रेस ने अपनी कार्य समिति के प्रस्ताव में अपना रुख स्पष्ट किया था और वही पार्टी का रुख है।

इससे पहले, राहुल गांधी ने रविवार को अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत श्रीनगर में लाल चौक के ऐतिहासिक घंटाघर पर कड़ी सुरक्षा के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)