देश की खबरें | सत्‍ता विपक्ष को अपमानित करेगी तो लोकतंत्र का सम्‍मान कैसे बचेगा : अखिलेश
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लखनऊ, 11 अक्‍टूबर समाजवादी पार्टी (सपा) ने रविवार को पार्टी के प्रदेश मुख्‍यालय समेत सभी जिलों में लोक नायक जयप्रकाश नारायण की 118वीं जयंती मनाई। सपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष व पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने बयान में लोक नायक को शत-शत नमन करते हुए प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर हमला बोला।

अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोग विपक्ष को अपमानित करेंगे तो लोकतंत्र का सम्मान कैसे बचेगा। उन्‍होंने कहा कि विपक्ष पर “डीएनए” जैसे अप्रासंगिक आरोप लगाने से विपक्ष कमजोर नहीं होगा। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शनिवार को कहा था कि विभाजन विपक्ष के डीएनए में है।

यह भी पढ़े | नई दिल्ली: राज्य में भीख मांगने वालों पर लगेगी रोक, भिखारियों के पुनर्वास की योजना.

सपा कार्यालय से रविवार को जारी विज्ञप्ति के मुताबिक अखिलेश यादव ने कहा, ''लोकतंत्र सत्ता के लिए नहीं जनता के भले के लिए होता है। लोकराज चलाने के लिए लोकलाज का आचरण करना सीखना चाहिए। लोकनायक में तनिक भी सत्ता लिप्सा नहीं थी। वे जनतांत्रिक मान्यताओं के लिए समर्पित थे। उनके जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए।''

उन्‍होंने कहा, ''प्रदेश में मजबूत नहीं मजबूर सरकार है और यह हर मोर्चे पर विफल है। समाजवादी सरकार के समय में हुए विकास कार्यों से भाजपा चिढ़ी हुई है, अन्यथा लोकनायक जेपी अंतर्राष्ट्रीय केन्द्र की उपेक्षा नहीं करती।''

यह भी पढ़े | वायु प्रदूषण के नियमों का उल्लंघन करने के लिए NCRTC पर 50 लाख रुपये जुर्माना: राज्य पर्यावरण मंत्री गोपाल राय.

पूर्व मुख्‍यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी सरकार के समय जो थोड़ा काम रह गया था उसके लिए भाजपा सरकार बजट नहीं दे रही है। इससे जाहिर है कि भाजपा सरकार और इसके नेतृत्व की मानसिकता कितनी निम्न स्तरीय हैं। उन्‍होंने दावा किया कि स्‍वतंत्रता आंदोलन में भाजपा नेतृत्‍व का कोई योगदान नहीं था इसलिए उन्‍हें जेपी केंद्र के महत्‍व और आवश्‍यकता का अंदाजा नहीं हो सकता है।

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को जेपी की जयंती पर सभी जिलों में उनके चित्र और प्रतिमाओं पर माल्‍यार्पण किया। राजधानी लखनऊ में जेपी अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में स्थापित जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने माल्यार्पण किया।

पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भी जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको नमन किया गया। लखनऊ में सिविल अस्पताल में युवा नेता दीपक रंजन के नेतृत्व में 60 युवाओं ने रक्तदान किया।

आनन्‍द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)