देश की खबरें | आईएएस अधिकारी सोमेश कुमार ने उच्च न्यायालय के फैसले के बाद आंध्र सरकार को रिपोर्ट किया

अमरावती, 12 जनवरी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएसएस) के वरिष्ठ अधिकारी सोमेश कुमार ने केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के निर्देश पर बृहस्पतिवार को आंध्र प्रदेश कैडर को रिपोर्ट किया।

डीओपीटी ने तेलंगाना के पूर्व मुख्य सचिव सोमेश कुमार को उच्च न्यायालय के फैसले के अनुरूप 12 जनवरी तक आंध्र प्रदेश कैडर को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया था।

उच्च न्यायालय ने केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट) के उस आदेश को रद्द कर दिया था, जिसके तहत कुमार को 2014 में आंध्र प्रदेश के विभाजन के बाद तेलंगाना कैडर में बने रहने की अनुमति दी गई थी।

कुमार बृहस्पतिवार को विजयवाड़ा पहुंचे और आंध्र प्रदेश के प्रमुख सचिव के एस जवाहर रेड्डी के कैंप कार्यालय जाकर उनके सामने हाजिरी दर्ज कराई।

बाद में उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मैंने भारत सरकार के आदेश पर अमल करते हुए आंध्र प्रदेश सरकार के सामने हाजिरी दर्ज करा दी है। एक अधिकारी के रूप में मुझे सरकार द्वारा दिए जाने वाले पद की जिम्मेदारी संभालनी है और मैं ऐसा करूंगा।”

यह पूछे जाने पर कि क्या तेलंगाना सरकार की तरफ से उन्हें सलाहकार पद की पेशकश की गई थी, कुमार ने कहा कि उन्होंने इस सिलसिले में कोई फैसला नहीं लिया है।

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ने कहा, “करियर की राह में जो भी आएगा, उसे स्वीकार करूंगा। पहले, मैं यहां काम संभालूंगा और फिर परिस्थितियों के हिसाब से आगे के कदम तय करूंगा।”

कुमार ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी से भी मुलाकात की।

जून 2014 में तत्कालीन आंध्र प्रदेश राज्य के विभाजन के बाद कुमार को आंध्र प्रदेश कैडर आवंटित किया गया था, लेकिन उन्होंने इस आदेश को कैट में चुनौती दी थी, जिस पर हैदराबाद पीठ ने मार्च 2016 में उनके पक्ष में फैसला सुनाया था।

कैट के आदेशानुसार कुमार तेलंगाना कैडर में बने रहे और राज्य सरकार में कई अहम पदों पर सेवाएं दीं। वह साल 2020 में तेलंगाना के प्रमुख सचिव भी नियुक्त किए गए।

हालांकि, 10 जनवरी 2023 को तेलंगाना उच्च न्यायालय ने कैट के आदेश को रद्द कर दिया।

कुमार 31 दिसंबर 2023 तक सेवा में हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)