देश की खबरें | फडणवीस के सीएमओ का हिस्सा रहे आईएएस अधिकारी गगरानी को शिंदे सरकार में मुख्य भूमिका

मुंबई, 20 जुलाई महाराष्ट्र में देवेन्द्र फडणवीस नीत भारतीय जनता पार्टी की सरकार में मुख्यमंत्री कार्यालय का हिस्सा रहे आईएएस अधिकारी भूषण गगरानी को बुधवार को नये मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का अवर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया।

आधिकारिक बयान के अनुसार, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1990 बैच के अधिकारी गगरानी शिंदे नीत सरकार में अवर मुख्य सचिव नियुक्त किए गए हैं। शिंदे ने 30 जून को प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

इससे पहले गगरानी शिवसेना-भाजपा गठबंधन की फडणवीस नीत सरकार (2014 से 2019) में तत्कालीन मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के रूप में काम कर चुके हैं।

शिंदे नीत सरकार में फडणवीस उपमुख्यमंत्री हैं।

गगरानी नवंबर में 2019 में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में बनी महा विकास आघाडी की सरकार में भी कुछ दिनों पर अपने पद पर बने रहे थे। बाद में गगरानी के संबंध में सूचना का अधिकार कानून के तहत सवाल किए जाने पर उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय से हटा दिया गया था।

हालांकि, मार्च 2020 में शिवसेना-कांग्रेस-राकांपा गठबंधन की एमवीए सरकार द्वारा गठित कोविड कार्यबल में गगरानी को शामिल किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)