नयी दिल्ली, छह मार्च घरेलू यात्री वाहन बाजार में लंबे समय से दूसरे स्थान पर कायम हुंदै मोटर इंडिया फरवरी महीने में खुदरा बिक्री के मामले में चौथे स्थान पर खिसक गई। बृहस्पतिवार को जारी बिक्री आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई।
वाहन वितरकों के निकाय फाडा के आंकड़े बताते हैं कि फरवरी, 2025 में हुंदै मोटर इंडिया ने 38,156 इकाइयों की खुदरा बिक्री की जो एक साल पहले की समान अवधि के 47,540 इकाई के आंकड़े के मुकाबले 20 प्रतिशत कम है।
इसके साथ हुंदै की घरेलू बाजार में हिस्सेदारी पिछले महीने घटकर 12.58 प्रतिशत रह गई, जबकि एक साल पहले के समान माह में यह 14.05 प्रतिशत थी।
इस तरह हुंदै अब मारुति सुजुकी इंडिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स के बाद भारतीय बाजार में चौथे स्थान पर आ गई है। वह लंबे समय से दूसरे स्थान पर काबिज थी।
फाडा ने यह बिक्री आंकड़ा देशभर के 1,378 क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों से जुटाए गए आंकड़ों के आधार पर जारी किया है।
आंकड़ों के मुताबिक, मारुति सुजुकी इंडिया फरवरी में 1,18,149 इकाइयों की खुदरा बिक्री के साथ यात्री वाहन खंड में अग्रणी रही। उसकी बाजार हिस्सेदारी भी मामूली रूप से बढ़कर 38.94 प्रतिशत हो गई।
वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा 39,889 इकाइयों की बिक्री के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई और उसकी बाजार हिस्सेदारी 13.15 प्रतिशत रही।
टाटा मोटर्स ने पिछले महीने 38,696 वाहनों की खुदरा बिक्री की और उसकी बाजार हिस्सेदारी 12.75 प्रतिशत हो गई।
उधर दोपहिया वाहन खंड में हीरो मोटोकॉर्प ने पिछले महीने 3,85,988 इकाइयों की खुदरा बिक्री के साथ शीर्ष स्थान बरकरार रखा। उसकी बाजार हिस्सेदारी 28.52 प्रतिशत रही।
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) 3,28,502 वाहनों की खुदरा बिक्री और 24.27 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर रही।
टीवीएस मोटर कंपनी 2,53,499 इकाइयों की खुदरा बिक्री और 18.73 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ तीसरे स्थान पर रही।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY