शिमला, आठ मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने शिमला नगर निगम (एसएमसी) का चुनाव जीतने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया है।
पार्टी की ओर से शिमला नगर निगम चुनाव प्रभारी सुखराम चौधरी ने कहा कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए शिमला के बाहर के हजारों लोगों के नाम मतदाता के तौर पर दर्ज किए गए।
पिछले हफ्ते हुए एसएमसी चुनाव में कांग्रेस ने 34 में से 24 वार्ड में जीत दर्ज की जबकि भाजपा को नौ और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को एक सीट मिली है। आम आदमी पार्टी (आप) ने 21 वार्ड में चुनाव लड़ा था लेकिन वह एक भी सीट नहीं जीत सकी।
भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई के प्रमुख राजीव बिंदल ने सोमवार को एक समीक्षा बैठक के दौरान आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले दिन से चुनावों को प्रभावित करने के लिए कदाचार में लिप्त रही है।
उन्होंने दावा किया कि 20 हजार से ज्यादा नए मतदाताओं को पंजीकृत किया गया।
बिंदल ने कहा कि नौकरियों को नियमित करने और तीन फीसदी महंगाई भत्ते का ऐलान सरकारी कर्मचारियों को रिझाने की कोशिश थी, क्योंकि नगर निगम चुनाव के मतदाताओं में उनकी संख्या अधिक है।
बैठक में भाजपा के नौ नवनिर्वाचित पार्षद भी शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने संसदीय चुनाव से पहले बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY