देश की खबरें | आवास घोटाले में शामिल टीएमसी नेताओं के घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए: अग्निमित्रा

कोलकाता, 20 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता अग्निमित्रा पॉल ने मंगलवार को एक विवादास्पद टिप्पणी में कहा कि बंगाल में कथित आवास घोटाले में शामिल लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दावा किया कि पॉल राज्य में ‘‘हिंदी पट्टी की राजनीति’’ लाने की कोशिश कर रही हैं।

भाजपा की प्रदेश महासचिव पॉल ने मंगलवार को कहा, ‘‘स्थानीय स्तर पर टीएमसी के कई नेता भ्रष्टाचार में शामिल हैं। जिन लोगों ने आवास योजना का अनुचित लाभ उठाया है, उनके घरों पर बुलडोजर चला देना चाहिए।’’

फैशन डिजाइनर से नेता बनीं पॉल ने कहा, ‘‘अगर राज्य प्रशासन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है, तो आम लोग उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। दोषियों को सबक सिखाया जाना चाहिए।’’

प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं पर राज्य की राजनीति में प्राय: घमासान होता रहता है। बहुमंजिला घरों के मालिक कुछ लोगों के आवेदनों को मंजूरी दिए जाने के बाद अनियमितताओं के आरोप लगे थे।

पॉल की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए टीएमसी ने भाजपा पर ‘‘हिंदी पट्टी की राजनीति को राज्य में लाने’’ का आरोप लगाया।

टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने किसी भी अनियमितता के मामले में कार्रवाई की है। भाजपा नेता ऐसा व्यवहार क्यों कर रहे हैं जैसे वे न्यायाधीश और जूरी हैं? हम राज्य में बुलडोजर की राजनीति लाने के इस प्रयास की निंदा करते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)